रीट में दो की जगह एक ही पेपर होगा, कॉमर्स के छात्रों काे भी मिलेगा मौका
जयपुर: रीट (राजस्थान एलिजिबिलिटी एग्जामिनेशन फॉर टीचर्स) में अब दो की जगह एक ही पेपर होगा। यही नहीं, अब कॉमर्स के छात्रों को भी रीट में मौका मिलेगा। पहले सिर्फ साइंस और आर्ट्स के छात्र ही इसमें शामिल हो सकते थे। शिक्षा मंत्री गोविंदसिंह डोटासरा ने ये जानकारियां दीं। रीट में ईडब्ल्यूएस आरक्षण संबंधित प्रावधान रखने, एक ही पेपर कराने, एनसीटी के पाठ्यक्रम अनुसार परीक्षाएं कराने, कॉमर्स के विद्यार्थियों के लिए भी परीक्षा में अवसर रखने की सिफारिशें जल्द ही पंचायती राज विभाग और सीएम अशाेक गहलोत को भेजी जाएंगी।
रीट की तिथियां जल्द घोषित करने के भी निर्देश जारी किए
डोटासरा ने रीट की समस्त प्रक्रियाएं जल्द पूर्ण कर परीक्षा तिथियां जारी करने के निर्देश दिए हैं। डोटासरा मंगलवार को शिक्षा संकुल में रीट परीक्षा के संबंध में आयोजित विशेष समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि परीक्षा में कॉमर्स के विद्यार्थियों को भी सामाजिक विज्ञान के अंतर्गत सम्मिलित किया जाएगा। परीक्षा में पूर्व में 70 अनुपात 30 के रूप में जो भर्ती प्रक्रिया संपादित कराई जाती थी, उसे भी कम किया जाएगा।


