दूसरे के लिए परीक्षा दे रहा फर्जी परीक्षार्थी समेत दो जने गिरफ्तार
राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड द्वारा आयोजित पुस्तकालयाध्यक्ष ग्रेड-थर्ड सीधी भर्ती परीक्षा के दौरान एसओजी और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए एक फर्जी परीक्षार्थी और उसके साथी को गिरफ्तार किया है। एसओजी को सूचना मिली थी कि परीक्षा में कुछ फर्जी परीक्षार्थी बैठे हैं।
इस इनपुट के आधार पर दोपहर 1.20 बजे सीओ सिटी सतीश वर्मा, शहर कोतवाल कैलाश मीणा और स्टेट एसओजी के इंस्पेक्टर पुष्पेंद्र बंशीवाल भारी पुलिस जाब्ते के साथ शहर के नमक कटरा स्थित सुजीत गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल के परीक्षा केंद्र पर पहुंचे।
परीक्षा केंद्र के रूम नंबर 14 में एक परीक्षार्थी पुलिस को देख सकपका गया। वीक्षक सुरेश चंद शर्मा व निक्की अग्रवाल की मौजूदगी में फर्जी परीक्षार्थी गांव मेघवालों की ढाणी सिन्धस्वा चौहान तहसील गुड़ामालानी जिला बाड़मेर निवासी अशोक कुमार पुत्र सोनाराम बिश्नोई की तलाशी लेकर उससे पूछताछ की गई तो पता चला कि वह गांव बंद की लखरुकी, तहसील करौली जिला करौली निवासी धन सिंह मीणा पुत्र रामजीलाल मीणा के स्थान पर परीक्षा दे रहा था।
फर्जी अभ्यर्थी को पुलिस ने परीक्षा समाप्ति के बाद गिरफ्तार कर लिया। उसने बताया कि उसका एक अन्य साथी श्रवण कुमार पुत्र अमीरा राम विश्नोई निवासी गुड़ामालानी जिला बाड़मेर परीक्षा केंद्र के बाहर बैठा है। पुलिस ने उसे भी पकड़ा। पुलिस के मुताबिक अभ्यर्थी धन सिंह मीणा जब परीक्षा की तैयारी के लिए जयपुर में कोचिंग करने गया था, तब उसकी पहचान इस गैंग से हुई थी। इस गैंग ने डेढ़ लाख रुपए लेकर उसकी जगह अपना आदमी परीक्षा में बिठाकर पास कराने का आश्वासन दिया था।
उदयपुर, जोधपुर और भरतपुर में गड़बड़ी की सूचना पर कार्रवाई
सीओ सिटी सतीश वर्मा ने बताया कि एसओजी को उदयपुर, जोधपुर व भरतपुर सहित अन्य जगह पर मूल परीक्षार्थी की जगह पर फर्जी परीक्षार्थियों के परीक्षा देने की सूचना पर भरतपुर में कार्रवाई की है। फर्जी व्यक्तियों के द्वारा परीक्षा देकर नौकरी लगाने की गैंग का मामला लगता है, जिसकी जांच की जा रही है।
नमक कटरा स्थित सुरजीत बालिका सीनियर सेकेंडरी स्कूल परीक्षा केंद्र पर फर्जी अभ्यर्थी को परीक्षा देते हुए पुलिस ने पकड़ लिया, जो डेढ़ लाख रुपए लेकर बदले में परीक्षा दे रहा था। इधर, इस दिन सुबह 11 बजे से 2 बजे तक एक पारी में जिला मुख्यालय पर 16 परीक्षा केंद्रों पर 3210 अभ्यर्थियों में से 2159 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 1051 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। यानी 67.26 प्रतिशत उपस्थिति रही जबकि 32.74% अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।


