चटक धूप अब सुहा नहीं रही हवा में बसंती सुरूर, अगले सप्ताह रवानगी डालेगी सर्दी, कल विक्षोभ देगा हल्का ठंड का झटका

चटक धूप अब सुहा नहीं रही हवा में बसंती सुरूर, अगले सप्ताह रवानगी डालेगी सर्दी, कल विक्षोभ देगा हल्का ठंड का झटका

सर्दी अब विदाई के मूड में है और अगले सप्ताह तक रवानगी डाल देगी। हालांकि, 20 फरवरी से सक्रिय हो रहा पश्चिमी विक्षोभ थोड़ी रुकावट डालेगा। इसकी आहट हो गई है। लगातार बढ़ रहे रात के तापमान में फिर गिरावट आई है। शुक्रवार को रात के तापमान में 0.5 डिग्री की कमी दर्ज की गई।

न्यूनतम तापमान 9.8 डिग्री दर्ज किया गया, लेकिन ज्यादा उतार की संभावना नहीं है। मौसम विशेषज्ञ आरके सिंह का कहना है कि 20 फरवरी से सक्रिय होने वाला पश्चिमी विक्षोभ कमजोर रहेगा, क्योंकि उसे समुद्री नमी नहीं मिल रही है। इसलिए पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी और सर्द हवा चलने की स्थितियां नहीं बन रही हैं। इसलिए माना जा सकता है कि एक सप्ताह बाद सर्दी विदाई ले सकती है।

वैसे भी अब पहाड़ों में बर्फबारी नहीं हो रही है। हवा में भी बसंती सुरूर है। दोपहर में चटक धूप अब सुहा नहीं रही है। इस तीखी धूप के कारण ही सुबह-शाम ठंडक का अहसास है। अभी रात के तापमान में मामूली गिरावट की संभावना है। मौसम में ज्यादा बदलाव की संभावना नहीं है। इसलिए तापमान धीरे-धीरे बढे़गा।