कोरोना अपडेट जिले में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 18000 पार, कोरोना रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद रिटायर्ड शिक्षक की मौत

कोरोना अपडेट जिले में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 18000 पार, कोरोना रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद रिटायर्ड शिक्षक की मौत

जिले में कोरोना महामारी का कहर जारी है। कोरोना रिपोर्ट में निगेटिव आए एक रिटायर्ड शिक्षक की रविवार सुबह राजीव गांधी सामान्य अस्पताल में मौत हो गई। अलवर शहर के काला कुआं हाउसिंग बोर्ड सेक्टर दो निवासी सुनील माथुर (70) को सांस में दिक्कत होने पर चार दिन पहले सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उनकी कोरोना जांच रिपोर्ट निगेटिव आई, लेकिन संक्रमण से फेफड़े खराब हो गए और उनकी मौत हो गई।

कोविड प्रोटोकॉल से उनका दाह संस्कार कराया गया। इधर, रविवार को ईटाराना छावनी के पांच सैनिकों सहित जिले में 115 नए पॉजिटिव मिले हैं। इनमें दो गर्भवती महिलाएं और एक कैंसर रोगी शामिल हैं। इन्हें मिलाकर कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा रविवार को 18000 पार कर गया। चिकित्सा विभाग के आंकड़ों के मुताबिक जिले में कोरोना का पहला केस 30 मार्च को मिला था, 210 दिन में मरीजों की संख्या 18 हजार का आंकड़ा पार कर गई है। प्रदेश की सूची में जिले में 83 कोरोना पॉजिटिव बताए गए हैं।