पर्यटन समिति की बैठक में बड़े फैसले:सहेलियों की बाड़ी में भी होंगे सांस्कृतिक कार्यक्रम, हैंडीक्राफ्ट मार्केट बनेगा, पर्यटन स्थलों पर बनाए जाएंगे हैल्थ चेकअप पाॅइंट
कोरोना की तीसरी लहर कमजोर होने के बाद प्रशासन पर्यटन को बूस्टर डोज देने के लिए एक्टिव मोड़ में है। इसके लिए गुरुवार को जिला परिषद के सभागार में हुई बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। कलेक्टर ताराचंद मीणा ने पर्यटन स्थलों का मास्टर प्लान बनाने को कहा। उन्होंने कहा कि उदयपुर सहित मेवाड़ के ग्रामीण क्षेत्रों में ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और प्राकृतिक महत्व वाले कई पर्यटन स्थल हैं। पर्यटकों को आकर्षित करने की दृष्टि से इनका सुनियोजित विकास होना चाहिए।
यह भी तय किया गया कि नाइट टूरिज्म काे प्रमोट करने के लिए सहेलियों की बाड़ी में भी धरोहर की तरह सांस्कृतिक कार्यक्रम शुरू किए जाएंगे। लाेक कलाकारों काे सरंक्षण देने के लिए हैंडीक्राफ्ट बाजार बनाया जाएगा। इसके लिए जल्द ही जगह निर्धारित की जाएगी।
पर्यटकों की सुविधा के लिए स्वास्थ्य विभाग की मदद से टूरिस्ट स्थलों पर मेडिकल चैकअप पॉइंट बनाए जाएंगे। बैठक में पर्यटन उपनिदेशक शिखा सक्सेना, यूआईटी सचिव अरुण हसीजा, एडीएम सिटी अशोक कुमार, नगर निगम आयुक्त हिम्मतसिंह बारहठ, स्मार्ट सिटी सीईओ प्रदीपसिंह सांगावत, डीएफओ अजीत ऊंचोई आदि मौजूद थे।
satveer 

