पिता करा रहा था 47 साल के व्यक्ति से शादी, घर से भागकर प्रेमी से की मैरिज
धौलपुर जिले के मनिया इलाके के प्रेमी युगल ने PM नरेंद्र मोदी को लेटर लिखकर जान-माल की गुहार लगाई है। प्रेमी युगल ने गुजरात के सूरत शहर में रिकॉर्डली शादी भी कर ली है। युवती का कहना है कि उसके पिता 47 साल के अधेड़ व्यक्ति से उसकी शादी करने वाले थे। पता चलने पर उसने भागकर अपने प्रेमी से शादी कर ली। अब परिजन उसे लगातार जान से मारने की धमकी दे रहे है। प्रेमी युगल ने जान की सुरक्षा के लिए राजस्थान हाईकोर्ट में पिटीशन भी दायर किया था। हाईकोर्ट ने पुलिस मुख्यालय सहित धौलपुर पुलिस को सुरक्षा देने के आदेश भी दिए, लेकिन अभी तक पुलिस सुरक्षा नहीं मिलने से प्रेमी युगल दर-दर भटक रहा है।
उत्तरप्रदेश के फतेहाबाद तहसील के अंडोआ का पुरा गांव की रहने वाली 19 साल की तनु ने धौलपुर मनिया के रहने वाले 21 साल के भारत सिंह से शादी की है। तनु ने बताया कि उसके मम्मी-पापा 47 साल की उम्र के व्यक्ति से उसकी जबरन शादी कराना चाहते थे। इस बारे में पता चलने पर वह घर से भाग निकले। उसने अपने प्रेमी भारत सिंह के साथ भागकर गुजरात के सूरत शहर में हिंदू रीति-रिवाज के मुताबिक शादी कर ली। मैरिज रजिस्ट्रेशन सूरत की महानगर पालिका में भी करा दिया है। उसके परिजनों ने फतेहाबाद थाने में उसके पति भारत सिंह के खिलाफ बहला-फुसलाकर अपहरण करने का मामला दर्ज करा दिया।
पीड़िता तनु ने बताया उससे 2 गुनी अधिक उम्र के व्यक्ति के साथ शादी कराने से आहत होकर खुद की मर्जी से वह अपने प्रेमी के साथ गई थी। पीड़िता ने बताया मनमर्जी से की गई शादी से उसके परिजन खिलाफ है। उसके मम्मी-पापा और भाई की ओर से लगातार जान से मारने की धमकियां दी जा रही है। प्रेमी के घर पहुंच कर उसके परिजनों ने तोड़फोड़ भी की गई है। परेशान होकर प्रेमी युगल ने राजस्थान हाईकोर्ट पिटीशन दायर कर जान-माल के बचाव की गुहार लगाई थी। दायर पिटिशन पर राजस्थान हाईकोर्ट ने जयपुर पुलिस डीजीपी और एसपी धौलपुर व संबंधित थाना प्रभारी को सुरक्षा देने के निर्देश दिए गए थे। पीड़िता के मुताबिक पुलिस की ओर से कोर्ट के आदेशों की अवहेलना की जा रही है। युवती के परिजन लगातार जान से मारने की धमकियां दे रही है। बुधवार को परेशान प्रेमी युगल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम लेटर लिखा है। पीएम के नाम लिखे गए लेटर के जरिए प्रेमी युगल ने जान-माल के बचाव की गुहार लगाई है।
satveer 

