काेराेना मृतकों के परिजनों काे दी जा रही सहायता के लिए ई-मित्र से भरवाए जा रहे ऑनलाइन आवेदन, 10 दिन से नहीं हाे रहे स्वीकार
काेराेना मृतकों के परिजनों काे दी जा रही 50 हजार की आर्थिक सहायता के लिए ई-मित्र से भरवाए जा रहे ऑनलाइन आवेदन गत 10 दिन से स्वीकार ही नहीं किए जा रहे हैं। ई-मित्र संचालकाें का कहना है कि ई-मित्र का साॅफ्टवेयर में मृत्यु प्रमाण पत्र का काॅलम में स्वीकार नहीं कर रहा है। गत 15 दिन से ई-मित्र पर आवेदन लेना शुरू किया है। ई-मित्र का साॅफ्टवेयर परिजनों व मृतक की पहचान के दस्तावेजाें ताे स्केन कर ले रहा है लेकिन जैसे ही मृत्यु प्रमाण पत्र काॅलम काे स्केन कर अपलाेड किया जाता है ताे उसे स्वीकार नहीं कर रहा हैं। लाेग आर्थिक सहायता लेने में आवदेन के लिए 15 दिन से भटक रहे हैं। ई-मित्र संचालक आवेदन स्वीकार नहीं हाेने से परिजनों काे अन्य ई-मित्र पर आवेदन के लिए कह देते हैं। इसके चलते लाेग अलग-अलग जगह पहुंचकर ई-मित्राें से आवेदन करने का प्रयास कर रहे है।
लोग आवेदन करने के लिए हो रहे हैं परेशान
1. साेढाला निवासी अनूप पंवार का कहना है कि उनके पिता ओम प्रकाश पंवार का 20 अक्टूबर 2020 काे आरयूएचएस में इलाज के दाैरान देहांत हाे गया। मृत्यु प्रमाण पत्र में काेराेना से मृत्यु लिखा है इसके बावजूद उनकी मां काे अब तक काेई मदद नहीं मिली। ई-मित्र पर ऑनलाइन आवेदन कर रहे है लेकिन आवेदन नहीं हाे पा रहा है।
2. आमेर-अखेपुरा निवासी तेजकरण ने बताया कि उनके पिता नरसीराम का 19 अप्रैल 2021 काे एसएमएस में इलाज के दाैरान देहांत हुआ था। काेराेना सहायता के लिए ऑनलाइन आवेदन कर रहे हैं लेकिन आवेदन स्वीकार नहीं हो रहा है।
3. न्यू सांगानेर राेड के बालेश्वर साहनी का कहना है कि उनकी पत्नी चंपा साहनी का 24 अप्रेल 2021 काे निधन हुआ था। पहले काेराेना मृत्यु प्रमाण पत्र के लिए भटकते रहे। अब ऑनलाइन आवेदन ही स्वीकार नहीं हाे रहा है।
दाे स्तर पर चेक हाेता है
पीडितों का कहना है कि आवेदन काे पहले की तरह ही ऑफलाइन कर तहसील में जमा करवाने का सिस्टम कर देना चाहिए। ऑनलाइन में पहले आवेदन सीएमएचओ के पास वैरीफाई हाेने के लिए जाता है। उसके बाद कलेक्टर के पास आता है। यहां से समाज कल्याण विभाग काे भेजा जाता है।
आवेदन में ये दस्तावेज जरूरी
आवेदन के लिए परिजनों काे मृतक की आरटीपीसीआर टेस्ट रिपाेर्ट, उपचार की काॅपी, मृतक का मृत्यु प्रमाण पत्र, वारिसाें का सहमति पत्र, परिजन जिसके बैंक खाते में सहायता राशि जमा की जाएगी उसके बैंक अकाउंट पास बुक की फाेटाे व खाता नंबर, कैंसिल बैंक चेक आवेदन के साथ लगाना हाेगा।
- ई- मित्र पर ऑनलाइन आवेदन में किसी प्रकार की समस्या आ रही है ताे उसके बारे में पता कर समाधान किया जाएगा। - अशाेक बैरवा, डिप्टी डायरेक्टर, समाज कल्याण


