राजे के 'देव दर्शन' में सियासी दर्शन भी: 7 मार्च को 5 और 8 को 2 विधानसभा के कार्यकर्ताओं से मिलेंगी पूर्व सीएम, आदिबद्री में 5 हजार लोगों के रुकने का इंतजाम

Mar 1, 2021 - 10:55
Mar 1, 2021 - 10:58
राजे के 'देव दर्शन' में सियासी दर्शन भी: 7 मार्च को 5 और 8 को 2 विधानसभा के कार्यकर्ताओं से मिलेंगी पूर्व सीएम, आदिबद्री में 5 हजार लोगों के रुकने का इंतजाम

भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के देव दर्शन कार्यक्रम में राजनीतिक रंग उड़ना भी तय है। इसलिए समर्थकों ने 7 मार्च को 5 और 8 मार्च को 2 विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं से मुलाकात कार्यक्रम तय किया है। विधानसभा वार समर्थक नेताओं को भीड़ जुटाने और प्रमुख कार्यकर्ताओं को लाने की जिम्मेदारी सौंपी जा चुकी है।

पूर्व परिवहन मंत्री युनूस खान महीने भर में 4 दौरे कर चुके हैं। ताजा दौरा उन्होंने परसों किया और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। साथ ही पार्टी से निलंबित पूर्व विधायक विजय बंसल एवं पूर्व जिला महामंत्री शिवराज सिंह तमरोली ने भी राजे से जयपुर में मुलाकात की और व्यवस्थाओं से अवगत कराया।

राजे का 8 मार्च को जन्मदिन है। इस अवसर पर 7-8 मार्च को अपने जन्मदिन कार्यक्रम को पूर्वी राजस्थान से परिवर्तन यात्रा की भांति नई राजनीतिक पारी की शुरुआत मानी जा रही है। इसलिए इन दो दिन में प्रदेश भर से राजे समर्थक नेताओं का जमघट होगा। इसलिए समर्थकों द्वारा करीब 5 हजार लोगों के 7 मार्च की रात आदिबद्री में विश्राम की व्यवस्था की जा रही है।

चूंकि आदिबद्री निविड़ जंगल में है। इसलिए गांव के घरों और टेंट में रात्रि विश्राम की व्यवस्था की जाएगी। राजे के लिए आदिबद्री धाम परिसर में बने कमरे को रेनोवेट कराया गया है। पूर्व जिला महामंत्री शिवराज सिंह ने बताया कि 7 मार्च को राजे गिर्राज जी, कोथरा, सामई, बहज, लक्ष्मण मंदिर डीग, सेऊ और आदिबद्री जाएंगी।

यहां भरतपुर, बयाना, डीग-कुम्हेर, नदबई एवं वैर कार्यकर्ता स्वागत और आभार प्रकट करेंगे। इसके दूसरे दिन 8 मार्च को नगर और कामां के कार्यकर्ता आदिबद्री और कामां में मुलाकात करेंगे।

भाजपा जिलाध्यक्ष बोले- निजी कार्यक्रम, लेकिन सभी लोग शामिल होंगे
इधर, अभी तक राजे के कार्यक्रम की तैयारियों से भाजपा ने दूरी बना रखी है। राजे समर्थक पूर्व विधायक विजय बंसल, अनीता सिंह, कृष्णेंद्र कौर, बहादुर सिंह कोली, ऋषि बंसल, ऋतु बनावत, दुष्यंत सिंह, शिवराज सिंह आदि जुटे हुए हैं। इस संबंध में भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. शैलेश सिंह ने कहा कि वसुंधरा राजे का जन्म दिन कार्यक्रम निजी तौर पर आयोजित है। फिर भी सभी लोग शामिल होंगे। क्योंकि वे राष्ट्रीय उपाध्यक्ष है। हमारी सीनियर लीडर हैं।