दोस्ती गांठी, होटल ले जाकर नशा पिलाया, अश्लील फोटो खींच परेशान कर रहे
हर अभिभावक के लिए यह खबर जरूरी है...। सोशल मीडिया एप के जरिए के गिरोह के तीन सदस्यों ने करधनी और मालपुरा गेट में दो बच्चियों से पहले दोस्ती की फिर अलग-अलग स्थानों पर मिलने के बहाने बुलाया। एक बच्ची को होटल में ले जाकर दुष्कर्म की कोशिश की और अश्लील फोटो तथा वीडियो बना लिया। अब तीनों आरोपी लड़कियों को ब्लैकमेल कर रहे हैं। तीनों के खिलाफ करधनी और मालपुरा गेट में दुष्कर्म के प्रयास और ब्लैकमेल करने के मामले दर्ज किए गए हैं।
बच्चियों की मनोदशा देखने के बाद परिजनों को शक हुआ। एक बच्ची के पिता ने फोन में काल रिकॉर्डर डाउन लोड कर दिया। इसके बाद परिजनों ने बातें सुनी तो उनके होश उड़ गए। कोई था जो परेशान कर रहा था, लेकिन बच्चियां परिजनों से बात नहीं कर पा रही थीं। दोनों ही मामलों में उन्हीं तीनों आरोपियों के नाम सामने आए हैं।
तीनों युवक पांच माह से इस तरह की वारदातें कर रहे हैं। परिजनों ने इन आरोपियों की सोशल मीडिया एप की आइडी पुलिस को दी है। इन आइडी की पुलिस तस्दीक कर रही है कि आइडी फर्जी तो नहीं हैं। एफआइआर के अनुसार तीनों आरोपी गिरिराज यादव, राहुल यादव व अमरसिंह मीणा सांगानेर के रहने वाले हैं। अब पुलिस जांच कर रही है कि तीनों की आइडी से किस किस से चैट हुई है।
पहला केस करधनी का; गिरोह में युवती भी शमिल, कार में बैठाकर कोल्ड ड्रिंक में शराब पिलाई और कमरे पर ले गए
करधनी में तीनों आरोपियों ने सोशल मीडिया के जरिए 10वीं की छात्रा से दोस्ती की। फिर मिलने के लिए सांगानेर बुलाया और दुष्कर्म का प्रयास किया। इस दौरान आरोपियों ने छात्रा के अश्लील फोटाे ले लिए। परिजनों ने रिपोर्ट में कहा है कि ऑनलाइन पढ़ाई के लिए बच्ची को मोबाइल दिलवाया था।
कुछ दिन पहले बच्ची फोन पर किसी के सामने गिड़गिड़ा रही थी कि आप मेरे से चाहते क्या हो? इस दौरान मां ने बातें सुन ली और बेटी से पूछा...। लेकिन बेटी खामोश रही। इसके बाद मां ने बच्ची के पिता को जानकारी दी। पिता ने बच्ची को बिना बताए कॉल रिकॉर्डर डाउनलोड कर दिया। दो दिन बाद रिकॉर्डिंग सुनी तो होश उड़ गए। फोन में एक आरोपी कह रहा था कि मेरे बताए जगह पर नहीं आएगी तो मैं फोटो वायरल कर दूंगा। बाद मां-पिता ने तसल्ली से बच्ची को पूछा तो पूरे मामले का खुलासा हो गया।
बच्ची ने बताया कुछ दिन पहले सोशल मीडिया पर गिरिराज यादव नाम के लड़के से पहचान हुई थी। इस बीच गिरिराज के दोस्त अमर सिंह मीणा का मैसेज आया और मिलने के लिए बुलाया। अमर सिंह और गिरिराज ने तीसरे दोस्त राहुल को भी आए। एक दिन उन्होंने नांगल पुलिया के पास बुलाया और हाथ पकड़कर कार में बैठा लिया। कोल्ड ड्रिंक पिलाया और एक कमरे में ले जाकर दुष्कर्म की कोशिश की।
दूसरा केस मालपुरा गेट; सोशल मीडिया पर रिश्तेदारों ने देखी अश्लील फोटो तो खुलासा
मालपुरा गेट इलाके में अजमेरा कॉलोनी निवासी नाबालिग किशोरी के पिता ने तीनों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवाई कि आरोपियों ने इंस्टाग्राम के जरिए दोस्ती करके उसे जॉब दिलाने का झांसा देकर मिलने के बहाने बुलाया और जबरदस्ती कार में बैठाकर ले गए। रास्ते में नशीला पेय पिलाकर एक होटल में ले गए और दुष्कर्म का प्रयास किया।
अश्लील फोटो-वीडियो बना लिया। जिसे वायरल करने की धमकी देकर बार-बार ब्लैकमेल कर रहे हैं। बताया कि जा रहा है कि आरोपियों द्वारा ली गई बच्ची की अश्लील फोटो सोशल मीडिया से रिश्तेदार लड़की के पास पहुंच गई। तब परिजनों के सामने खुलासा हुआ और परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवाई। पुलिस अफसरों का कहना है कि आरोपियों की तलाश की जा रही है और जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी।
एक्सपर्ट्स बोले; बच्चों के फोन में स्पाई एप डालें और काउंसलिंग करें...सुरक्षित रहें
साइबर एक्सपर्ट राजशेखर राजहरिया का कहना है कि जब से ऑनलाइन पढ़ाई का दौर आया है तब से बच्चों के लिए ऐसी परेशानियां बढ़ी हैं। हालांकि थोड़ी सी सतर्कता रखी जाए तो ऐसी समस्या नहीं आएगी। जरूरी है कि बच्चे सोशल मीडिया का उपयोग करते हैं, तो बिना जानकारी के किसी व्यक्ति से निजी नंबर शेयर ना करें। परिजनों के लिए जरूरी है कि ऑनलाइन क्लास के दौरान बच्चों के मोबाइल में स्पाई एप जरूर डाल कर रखें तािक नजर रखी जा सके। साथ ही जरूरी है कि समय-समय पर बच्चों के साेशल मीडिया एप पर नजर बनाए रखें। बच्चाें की समय-समय पर काउंसलिंग करें। बच्चे माेबाइल का उपयाेग कर रहे हैं ताे वे क्या देख रहे हैं? इस पर निगरानी रखें। बच्चे उदास रहते हैं या चिड़चिड़े हैं ताे तत्काल काउंसलिंग करें।


