मेहताब वाटिका मैरिज होम की घटना दुल्हन के पिता को बातों में उलझा 3 लाख की नकदी और आभूषण ले भागे बदमाश
दुल्हन के पिता को बातों में उलझाकर शहर के सारस चौराहा स्थित महताब वाटिका मैरिज होम से दो बदमाश तीन लाख रुपए व आभूषणों से भरा बैग पार कर ले गए। मथुरा गेट एसएचओ रामनाथ सिंह ने बताया कि बच्चू सिंह पुत्र बाबू सिंह जाट निवासी चौमा शाहपुर तहसील किरावली ने शिकायत की कि मेरी बेटी गौरा कुमारी की शादी गौरव पुत्र ओमप्रकाश जाट निवासी इकराम नगर जैंगारा किरावली के साथ मेहताब वाटिका में 10 मई को हो रही थी।
अाधी रात को पीछे से अनजान व्यक्ति ने फत्ते के पीठ पर सब्जी फैला दी। इस पर फत्ते बाथरूम में दोनों बैग टांगकर कुर्ता उतारकर साफ कर रहा था कि पीछे से एक व्यक्ति ने आकर कहा कि तुम्हारे पैसे जूतों में रखे हुए हैं। बदमाश ने बातों में उलझाया और दूसरा बदमाश दोनों बैगों को लेकर फरार हो गया। बैग में करीब ढाई लाख रुपए नकद व 50 हजार रुपए के आभूषण रखे हुए थे।
पीडित ने मेहताब वाटिका में काम कर रहे महुआ सिनपिनी निवासी दो युवकों पर शक जताया था। जिस पर पुलिस टीम ने उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ की, लेकिन पूछताछ में आरोप साबित नहीं होने पर दोनों को शांति भंग के आरोपी में बंद कर दिया, बाद में वे जमानत पर छोड़ दिए गए। पुलिस अब मैरिज होम के सीसीटीवी के आधार पर कार्रवाई में जुटी है।


