वैर के ललिता मूडिया में कल आएंगे सीएम पहले सुनी नहीं, अब घर-घर जाकर समस्याएं पूछ रहे कर्मी

वैर के ललिता मूडिया में कल आएंगे सीएम पहले सुनी नहीं, अब घर-घर जाकर समस्याएं पूछ रहे कर्मी

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ग्राम पंचायत ललिता मूडिया में गुरुवार दोपहर 2 बजे प्रशासन गांव के संग अभियान का शिविर देखने आएंगे। यही वजह है कि जिला प्रशासन के जो अफसर लोगों की जन समस्याएं सुनते तक नहीं थे। अब कर्मचारी घर-घर जाकर पूछ रहे हैं आपकी कोई निजी अथवा सार्वजनिक समस्या हो तो बताएं। शिविर स्थल को जेसीबी और ट्रैक्टर लगाकर तैयार किया जा रहा है।

जिला कलेक्टर हिमांशु गुप्ता ने इसका जायजा भी लिया। सीएम के सामने कहीं किरकिरी न हो जाए, इसलिए छोटी से छोटी समस्याओं का भी शिविर से पहले ही निस्तारण किया जा रहा है। एसडीएम मुनिदेव ने बताया कि तय कार्यक्रम के मुताबिक सीएम गुरुवार को 2 बजे करौली होकर आएंगे।

रणधीरगढ़ में 5 साल से टूटी सड़क भी बनने लगी
भुसावर | सीएम अशोक गहलोत के आने की सूचना से रणधीरगढ़ में 5 साल से टूटी पड़ी सड़क भी बननी शुरू हो गई है। इस सड़क के टूटे होने से वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। इसके लिए लोगों ने कई बार स्थानीय प्रशासन से गुहार लगाई थी।

लेकिन, कोई सुनवाई नहीं हुई। अब सीएम गहलोत के क्षेत्र में आने की सुगबुगाहट होते ही काम चालूू हो गया। लोगों का कहना है कि मुख्यमंत्री बीच-बीच में दौरे पर आते रहें तो सड़कों की हालत भी ठीक रहे।