जोशी बोले-मंत्री बनने के बाद यह मेरा पहला लोकार्पण, कांग्रेस नेताओं ने कहा-अभी काम अधूरा, गांवों में पानी पहुंचा ही नहीं
जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी, भूजल एवं जिला प्रभारी मंत्री महेश जोशी ने सोमवार को गणेशपुरा पंचायत में 50 लाख की लागत की जल जीवन मिशन योजना का लोकार्पण किया। समारोह में उन्होंने कहा कि मंत्री बनने के बाद यह मेरा पहला लोकार्पण कार्यक्रम है। मंत्री के संबोधन के दौरान सहाड़ा विधानसभा क्षेत्र के यूथ कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व सरपंच रतन गुर्जर ने कहा कि जल जीवन मिशन योजना आधी अधूरी है। पंचायत क्षेत्र के सभी 7 गांवों के प्रत्येक घर में पानी पहुंचाना था, लेकिन योजना का लाभ सिर्फ चार गांवों के लोगों को मिल रहा है, यहां भी सभी घरों तक पानी नहीं पहुंचा है।
वहीं दो गांवों में अब तक पानी पहुंचा ही नहीं है। सहाड़ा ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष शंकरलाल जाट ने योजना की गति धीमी होने पर नाराजगी जताई। मामला बिगड़ता देख कलेक्टर शिवप्रसाद एम नकाते ने अधूरी योजना को पूरा कराने एवं इन योजनाओं पर विशेष ध्यान देने का आश्वासन दिया। प्रभारी मंत्री जोशी ने अपनी ही के नेताओं की सार्वजनिक नाराजगी पर जल्द काम पूरा कराने का आश्वासन देकर उद्बोधन खत्म कर दिया। गणेशपुरा सरपंच मोहनी देवी गुर्जर ने अतिथियों का स्वागत किया।
आरोप लगाया- पेयजल जैसी मूलभूत आवश्यकताओं में भी केंद्र सरकार की नीति जनहित वाली नहीं
मंत्री जोशी ने गणेशपुरा में आयोजित कार्यक्रम में कहा कि घर-घर पेयजल उपलब्ध हो, प्रदेश का कोई भी व्यक्ति प्यासा न रहे, इसके लिए राज्य सरकार कृत संकल्पित है।गणेशपुरा पंचायत की जल जीवन मिशन परियोजना 50 लाख की लागत से स्वीकृत हुई। पेयजल योजनाओं में पहले 90% राशि केंद्र सरकार देती थी एवं 10% राशि राज्य सरकार। अब 45% राशि केंद्र एवं 45% राशि राज्य सरकार तथा 10% राशि जन सहयोग से लेकर योजनाओं को क्रियान्वित किया जाता है। पेयजल जैसी मूलभूत आवश्यकताओं में केंद्र सरकार की नीति अनुचित है।
कांग्रेस नेताओं ने कहा-जलदाय विभाग से ज्यादा अच्छा काम बिजली निगम का...
मांडलगढ़ के पूर्व विधायक विवेक धाकड़ ने पूर्व विधायक स्वर्गीय कैलाश त्रिवेदी को याद किया। उन्होंने कहा कि कैलाश से महेश गंगा को धरती पर लाए। इसलिए कैलाश त्रिवेदी के इस क्षेत्र के लिए भागीरथी प्रयास की जरूरत है। प्रभारी मंत्री महेश जोशी, सहाड़ा विधायक गायत्री त्रिवेदी, पूर्व विधायक विवेक धाकड़ एवं नीरज गुर्जर ने लोकार्पण किया। गलोदिया में प्रवेश के दौरान प्रभारी मंत्री जोशी ने घरों में आ रहा पेयजल की गुणवत्ता जांची।
सहाड़ा विधानसभा क्षेत्र के यूथ कांग्रेस अध्यक्ष एवं गणेशपुरा के पूर्व सरपंच रतन गुर्जर ने जलदाय विभाग के कार्यक्रम में बिजली निगम के कार्य की सराहना की। यह सुनकर जलदाय विभाग के अधिकारी सकते में आ गए। कार्यक्रम में जिला कांग्रेस अध्यक्ष रामपाल शर्मा, नगर पालिका चेयरमैन दिनेश तेली, भूणास सरपंच मोहनलाल तिवारी, रतन भाऊ, राकेश शर्मा, किशन जाट, राजमल शर्मा अरनिया, लखन काकाणी, प्रकाश चंदेल, चांदमल गाडरी मौजूद रहे।


