5 हजार का इनामी बदमाश पकड़ा मध्यप्रदेश के मुरैना से विस्फोटक और हथियार रखने का आरोपी धौलपुर में गिरफ्तार, 5 साल से था फरार

Feb 2, 2021 - 15:19
Feb 2, 2021 - 15:30
5 हजार का इनामी बदमाश पकड़ा मध्यप्रदेश के मुरैना से विस्फोटक और हथियार रखने का आरोपी धौलपुर में गिरफ्तार, 5 साल से था फरार
डीएसटी टीम की गिरफ्त में आरोपी बदमाश श्रीराम।

धौलपुर जिले की पुलिस ने मंगलवार को एक 5 हजार के इनामी बदमाश को गिरफ्तार किया। इस पर मध्यप्रदेश के मुरैना में इनाम घोषित किया गया है। गिरफ्तार बदमाश का नाम भोटक उर्फ श्रीराम है। वह धौलपुर के ही मनिया थाने में बिरजापुरा गांव का रहने वाला है। वह किसी काम से शहर आया था, तभी पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया।

पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी श्रीराम शहर आ रहा है। इस दौरान डीएसटी (जिला स्पेशल टीम) ने कोतवाली थाना क्षेत्र में हाउसिंग बोर्ड चौकी के पास नाकाबंदी की। वहां पहुंचने पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। इस पर विस्फोट और हथियार रखने के संबंध में मुरैना के सिविल लाइंस थाने में केस दर्ज है।

2016 से था फरार

पुलिस ने बताया कि 2016 में आरोपी श्रीराम के खिलाफ विस्फोटक और हथियार रखने के केस दर्ज किए गए थे। इसके बाद से ही वो फरार चल रहा था। आरोपी पर मुरैना एसपी द्वारा 5 हजार का इनाम भी घोषित किया गया था। डीएसटी की 15 लोगों की टीम ने आरोपी को गिरफ्तार किया।