जेईई-एडवांस्ड 3 जुलाई को, IIT मुंबईको जिम्मेदारी:कोटा समेत 209 शहरों में होंगे परीक्षा केन्द्र, अब जल्द जारी होगी जेईई-मेन की डेट्स
देश की सबसे प्रतिष्ठित इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा जेईई-एडवांस्ड इस साल 3 जुलाई को होगी। परीक्षा का आयोजन आईआईटी मुंबई द्वारा करवाएगी। करियर काउंसलिंग एक्सपर्ट अमित आहूजा ने बताया कि गुरुवार को जेईई-एडवांस्ड-2022 का इनफार्मेशन बुलेटिन जारी हुआ है।
बुलेटिन के अनुसार जेईई-एडवांस्ड के लिए रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया 8 से 14 जून शाम 5 बजे तक होगी। फीस जमा करने की अंतिम तिथि 15 जून रहेगी। दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए स्क्राइब के चयन का समय 2 जुलाई तक होगा। इसके बाद एडमिट कार्ड 27 जून को सुबह 10 बजे जारी किए जाएंगे, जिनकी डाउनलोडिंग 3 जुलाई तक की जा सकेगी। परीक्षा रविवार 3 जुलाई को दो पारियों में होगी।
पहली पारी सुबह 9 से 12 बजे तक तथा दूसरी पारी की परीक्षा दोपहर 2.30 से शाम 5.30 बजे तक होगी। इसके बाद जेईई-एडवांस्ड की वेबसाइट पर 7 जुलाई को कैंडिडेट की रिस्पांस शीट उपलब्ध करवा दी जाएगी। प्रोविजनल आंसर की का ऑनलाइन डिस्प्ले 9 जुलाई को होगा। 9 व 10 जुलाई को प्रोविजनल आंसर की पर कैंडिडेट अपनी आपत्तियां जता सकेंगे। फाइनल आंसर की 18 जुलाई को जारी की जाएगी। परिणाम 18 जुलाई को जारी किया जाएगा।
आहूजा ने बताया कि जेईई-मेन परीक्षा तिथियों की घोषणा भी जल्द हो जाएगी। अनुमान है कि जेईई-मेन इस वर्ष दो बार ही आयोजित की जाएगी, क्योंकि अब इतना समय शेष नहीं है कि चार बार आयोजन करवाया जा सके।
satveer 

