बड़ी राहत रोडवेज के रियायती और मासिक पास के लिए घर से कर सकेंगे ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन

बड़ी राहत रोडवेज के रियायती और मासिक पास के लिए घर से कर सकेंगे ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन

रोडवेज ने अब रियायती, निशुल्क और मासिक पास बनवाने के लिए भरतपुर जिले के दूर-दराज और ग्रामीण अंचलों से आने वाले छात्र, दिव्यांग और वृद्धजनों को बड़ी राहत दी है। अब उन्हें रजिस्ट्रेशन कराने के लिए भरतपुर की परेशानी नहीं उठानी पड़ेगी। वह अब स्मार्ट कार्ड के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन ई-मित्र से करा सकेंगे। अभी तक सिर्फ हीरादास बस स्टैंड के बाहर स्मार्ट कार्ड शाखा में ही पास बनाए जाते थे।

यहां पर कामां, पहाड़ी, नदबई, जुरहरा, बयाना आदि स्थानों से लोग कार्ड बनवाने के लिए आते हैं। इनमें बड़ी संख्या में दिव्यांग और वरिष्ठ नागरिक होते हैं जिन्हें आने-जाने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है, जिन्हें अब राहत मिल सकेगी। रोडवेज एमडी राजेश्वर सिंह बताया कि वर्तमान में रियायती, निःशुल्क एवं मासिक पास यात्रा सुविधा के लिए कार्ड का रजिस्ट्रेशन रोडवेज के निर्धारित केन्द्रों पर किया जाता है।

रजिस्ट्रेशन केन्द्रों पर लोगों की असुविधा को देखते हुए स्मार्ट कार्ड रजिस्ट्रेशन मोबाइल एप, वेबसाइट या ई-मित्र से रजिस्ट्रेशन करने की सुविधा दी गई है। सिंह ने बताया कि स्मार्ट कार्ड बनाने वाली फर्म के द्वारा एप एवं वेबसाइट के माध्यम से रजिस्ट्रेशन सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इसमें स्मार्ट कार्ड बनाने वाले व्यक्ति द्वारा रजिस्ट्रेशन करते समय फोटो, व्यक्तिगत विवरण एवं वांछित दस्तावेज स्केन कर अपलोड करने होंगे।

रजिस्ट्रेशन होने के बाद सम्बन्धित अधिकारी द्वारा परीक्षण कर अनुमोदन पश्चात कार्ड बनाने के लिये फर्म को निर्देशित किया जाएगा। स्मार्ट कार्ड बनने के बाद नजदीकी डिपो/बस स्टैंड/आरएफआईडी केन्द्रों से प्राप्त किया जा सकेगा। वर्तमान में उपलब्ध रजिस्ट्रेशन की व्यवस्था भी जारी रहेगी। लोहागढ़ आगार के मुख्य प्रबंधक महेश गुप्ता ने बताया कि यह सुविधा शुरू होने से लोगों को परेशान नहीं होना पड़ेगा।