भरतपुर में 38 साल बाद आया पद्म पुरस्कार; नौटंकी कलाकार रामदयाल शर्मा को पद्मश्री पुरस्कार

Jan 26, 2022 - 08:54
भरतपुर में 38 साल बाद आया पद्म पुरस्कार; नौटंकी कलाकार रामदयाल शर्मा को पद्मश्री पुरस्कार

पूर्व विदेश मंत्री नटवर सिंह के बाद भरतपुर जिले के सामई खेडा गांव निवासी नौटंकी कलाकार रामदयाल शर्मा को पद्मश्री पुरस्कार देने की घोषणा हुई है। इससे पहले वर्ष 1984 में पूर्व विदेश मंत्री नटवरसिंह को राजनीति में पद्म विभूषण सम्मान मिला था। पंडित राम दयाल शर्मा स्वांग, भगत, नौटंकी, रसिया और रासलीला लोक कला के संवाहक हैं।

वे 2500 से ज्यादा प्रस्तुतियां दे चुके हैं। शर्मा द्वारा वर्ष 2012 में लिखित/निर्देशित हनुमान की रामायण नौटंकी बेहद लोकप्रिय हुई। इसका प्रीमियर मुंबई के पृथ्वी थिएटर में हुआ था। इसका निर्माण गिलो थिएटर कंपनी ने किया था। ब्रज-रसिया के प्रसिद्ध सामई खेडा (रहसधारी) घराने के गुरु हैं। उन्होंने यह विधा पिता खूबीराम एवं चाचा रामस्वरूप शर्मा से सीखी।

नौटंकी के पारंपरिक खेल स्याह पोश, अमर सिंह राठौर, इंदल हरण, सत्यवान सावित्री, पूरन मल, मस्तानी गुजरी, पद्मावती, झांसी की रानी, ​​और हरिश्चंद्र तारावती समेत शर्मा ने समसामयिक मुद्दों पर बेटी का ब्याह, मिशन सुहानी, सुबह का भूला, बहकानी मुस्कानी, जी हुज़ूर, श्रीमान धोखा आदि स्वांग-नौटंकी लिख कर उन्हें लोकप्रिय बनाया। वर्ष 2015 में उन्हें संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार मिल चुका है। वे संगीत नाटक अकादमी, राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र, और साहित्य कला परिषद सहित देश/विदेश में व्याख्यान और प्रस्तुति दे चुके हैं।

नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा, जामिया मिलिया इस्लामिया, दिल्ली विश्वविद्यालय, मॉडर्न स्कूल, सारथी ग्रुप आदि में शर्मा ने 30 से अधिक वर्षों तक नौटंकी को पढ़ाया है। उनकी संगीत रचना “कल्पना” को यूनिसेफ पुरस्कार के लिए भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए चुना गया था। पंडित रामदयाल शर्मा ने बताया कि मैं लोक संगीत और नौटंकी परिवार से जुड़ा हूं। इसे आगे बढ़ाने का प्रयास कर रहा हूं।

क्या है नौटंकी चाैबाला
चौबोलों का प्रयोग अक्सर नौटंकी में होता है। यह काव्य परंपरा में प्रयोग होने वाली चार पंक्तियों की एक छंद शैली है। प्रत्येक चरण में 8 और 7 के विश्राम से 15 मात्राएं होती हैं। अंत में लघु गुरु होता है। जैसे-रघुबर तुम सों विनती करौं। कीजै सोई जाते तरौ। भिखारीदास ने इसके दुगने का चौबोला मानकर 16 और 14 मात्राओं पर यति मानी है। कामां निवासी गिर्राज प्रसाद और मनोहर लाल नौटंकी के उत्तर भारत में नामी कलाकार थे।