चोरों ने मकान, दुकान और वाहनों को बनाया निशाना
शहर की सूरजमल नगर काॅलाेनी में बीते दिन बदमाशाें ने एक सूने मकान काे निशाना बना लिया। जहांगीरपुर हाल सूरजमल नगर निवासी केदार सिंह माली पुत्र प्रीतमसिंह माली ने दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा है कि वह 22 जनवरी को मकान का ताला लगाकर परिवार के सदस्यों को साथ लेकर एक शादी समारोह में गया था। बीते दिन वापस जब लौटा देखा बदमाश मकान का ताला तोड़कर उसमें रखे चांदी के सिक्के, तोडिया, पायजेब व अन्य जेवरात आदि तथा 9500 रुपए चोरी कर ले गए। इधर, कस्बा सेवर में एक दुकान का ताला तोड़कर बदमाश लाखों रुपए कीमती सामान बैटरी व इनवर्टर आदि चोरी कर ले गए।
राधाकिशन एएसआई ने बताया कि पीडित दुकान मालिक कस्बा सेवर निवासी विजेंद्र सिंह पुत्र नरेंद्र सिंह ने दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा है कि 21 जनवरी की शाम को वह अपनी दुकान कस्बा सेवर स्थित अर्जित सोलर पैनल का रोजाना की तरह ताला लगाकर गया था। बीते दिन जब दुकान पर गया तो पता चला कि अज्ञात बदमाशों ने दुकान का ताला तोड़ दिया और उसमें रखी 150एच की 12 बैटरियां एवं 250 एच की एक बैटरी, 12 इनवर्टर एवं एक किसान टॉर्च को चोरी कर ले गए।
दूसरी ओर, शहर की पुरानी कचहरी के पीछे हरिजन बस्ती स्थित पंचायती भवन में खड़े 3 चौपहिया वाहनों के शीशा तोड़ बदमाश उनमें रखी नकदी, बैटरी आदि उपकरण चोरी कर ले गए। एएसआई कपूर चंद ने बताया कि वाहन स्वामी वाल्मीकि हरिजन बस्ती निवासी मिथुन पुत्र श्याम सिंह, देवेंद्र पुत्र भोला और जवाहर नगर निवासी पंकज शर्मा ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ उनके वाहनों से बैटरी आदि उपकरण चोरी कर ले जाने संबंधी शिकायत दी है।पुलिस अफसरों ने इन मामलों के जल्द खुलासा करने के निर्देश दिए हैं।
satveer 

