शनिवार-रविवार का लॉकडाउन खत्म, कहीं भी जाने की छूट
भरतपुर: अन्य जिलों की तरह अब भरतपुर में भी कोरोना को लेकर लगी पाबंदियां अनलॉक हो गई हैं। अब कहीं भी आने-जाने और माल लाने- ले जाने पर कोई रोक नहीं है। शनिवार और रविवार का लॉकडाउन भी तत्काल प्रभाव से खत्म कर दिया गया है। गृह मंत्रालय की गाइड लाइन के मुताबिक अब केवल कंटेनमेंट जोन (जहां कोरोना रोगी मिले हैं) में एसडीएम स्तर पर लॉकडाउन किया जा सकेगा। इसके साथ ही करीब 6 माह बाद 7 सितंबर से मंदिर, मस्जिद, गुरुद्वारे जैसे धार्मिक स्थल श्रद्धालुओं के लिए खुल जाएंगे।
सेवर जेल में चल रहे मोबाइल बैंक का किया पर्दाफाश (यह भी पढ़ें)
लेकिन, यहां कोरोना गाइड लाइन का पालन करना जरूरी होगा। जैसे धार्मिक स्थलों में फूल माला, पूजन सामग्री, प्रसाद आदि ले जाने और घंटी बजाने पर रोक रहेगी।
भजन जिकड़ी जैसे सामूहिक आयोजन भी नहीं किए जा सकेंगे। शादियों में फिलहाल 50 से ज्यादा मेहमान नहीं बुलाए जाने की पाबंदी बरकरार रहेगी। कुछ सुरक्षा सावधानियों के साथ बस, टैक्सी ऑटो आदि में यात्रा करने को भी छूट दे दी गई है।
लेकिन, बाजारों के खुलने का समय फिलहाल सुबह 7 बजे से शाम 7 बजे तक ही रहेगा। इस संबंध में जिला कलेक्टर नथमल डिडेल ने बुधवार को डिटेल गाइड लाइन जारी कर दी। इसमें गृह मंत्रालय और राज्य सरकार के दिशा-निर्देशों को भी शामिल किया गया है। यह व्यवस्था फिलहाल 1 से 30 सितंबर तक ही लागू रहेगी।


