ठगों ने तीन व्यापारियों को फंसाया चंडीगढ़ से गाड़ी दिखाने के बहाने बुलाया, स्थानीय लोगों की जागरूकता से ठगी के शिकार होने से बचे

ठगों ने तीन व्यापारियों को फंसाया चंडीगढ़ से गाड़ी दिखाने के बहाने बुलाया, स्थानीय लोगों की जागरूकता से ठगी के शिकार होने से बचे
चंडीगढ़ से गाड़ी देखने के लिए तीनों व्यापारी दोस्त।

भरतपुर के कामां थाना इलाके में ठगों ने तीन व्यापारियों को अपने जाल में फंसा लिया, लेकिन स्थानीय लोगों की वजह से ठग अपने मंसूबों में कामयाब नहीं हो पाए। तीनों चंडीगढ़ के व्यापारी ठगों के जाल में फंसने से बच गए।

चंडीगढ़ के रहने वाले नवीन ने बताया की उसने OLX पर एक क्रेटा गाड़ी के बिकने का विज्ञापन देखा था। नवीन को गाड़ी पसंद आई तो उसने विज्ञापन डालने वाले व्यक्ति से फोन पर बात की, आरोपी ने उसे कामां गाड़ी देखने के लिए बुलाया। नवीन अपने दो दोस्त घनश्याम और महिपाल को लेकर आज सुबह कामां आ गया।

नवीन ने ठग से फोन पर बात की तो ठग उसे कामां बस स्टैंड पर मिल गया। ठग नवीन और उसके दो साथियों को एक दुकान पर चाय पिलाने के लिए ले गया। जब चारों लोग चाय पी रहे थे तो चाय दुकान के मालिक ने नवीन से पूछा कि वह कहां से आए हैं। नवीन ने चाय दुकान मालिक को अपने घर के बारे में बताया। चाय दुकान मालिक ने ठग से उसके बारे में पूछा तो ठग ने बताया की वह कामां का रहने वाला है। इतना बताकर ठग चाय की दुकान से भाग गया।

ठग के भागते ही मौके पर मौजूद लोगों ने नवीन और उसके साथियों से कामां आने की वजह पूछी। जिसके बाद स्थानीय लोगों ने तीनों को कामां थाने भेज दिया जहां नवीन ने ठग के खिलाफ शिकायत दे दी है। हालांकि किसी व्यक्ति के साथ ठगी नहीं हुई, लेकिन पुलिस ठग की तलाश कर रही है।