लिफ्ट देने के बहाने से लड़की लेकर भागा बदमाश एक महीने बाद भी लड़की का अता-पता नहीं, पिता ने जताई अनहोनी की आशंका

Jan 14, 2022 - 12:48
लिफ्ट देने के बहाने से लड़की लेकर भागा बदमाश एक महीने बाद भी लड़की का अता-पता नहीं, पिता ने जताई अनहोनी की आशंका

लिफ्ट देने के बहाने नाबालिग लड़की के अपहरण का मामला सामने आया है। मामले में करीब एक माह बाद सज्जनगढ़ थाना पुलिस ने एक युवक के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज की है। मामले में पिता ने आरोपी युवक की पहचान बताते हुए लड़की के साथ कुछ गलत होने की आशंका जताई है। अब मामले की जांच सज्जनगढ़ थाने के हेड कांस्टेबल कन्हैयालाल को सौंपी गई है। इससे पहले सामलासेर निवासी पिता ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि 12 दिसम्बर को 16 वर्षीय बेटी घरेलू सामान खरीदने के लिए गई थी, जो अब तक घर नहीं लौटी है। उसने छानबीन की तो पता चला है कि रंगतपुरा थाना कुशलगढ़ निवासी परतेश पुत्र नानजी डामोर ने उसकी बेटी को बाइक पर बिठाया था। इसके बाद से उसकी बेटी लापता है। पीड़ित पिता ने आशंका जताई की आरोपी ने उसकी बेटी को उसके घर में रखा हुआ है। वह उसके साथ कोई भी अप्रिय वारदात कर सकता है। वह उसकी बेटी को पत्नी बनाना चाहता है। स्कूल रिकॉर्ड के हिसाब से उसकी बेटी की जन्म तिथि 5 जनवरी 2008 है।

सहेली बोली: घी लेकर आएगी, नहीं लौटी स्कूली छात्रा

इधर, खमेरा थानान्तर्गत मालीखेड़ा निवासी पिता ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि उसकी नाबालिग बेटी 22 दिसम्बर की सुबह 9 बजे घर से स्कूल जाने के लिए निकली थी। वहां से लौटते समय उसकी सहेली भी साथ थी। शाम तक बेटी घर नहीं लौटी तो उसने तलाश शुरू की। यहां बेटी की सहेली ने उसे बताया कि वह घी लेने गई थी। लौट आएगी, लेकिन तबसे अब तक उसकी बेटी घर नहीं लौटी है। पिता ने आशंका जताई कि कोई युवक उसे बहला-फुसलाकर ले गया है। मामले की जांच ASI राजमल कर रहे हैं।