डीग पुलिस पर फायरिंग करने वाले बदमाश उत्तर प्रदेश भागे, 2 संदिग्ध हिरासत में लिए
इकलेरा में शुक्रवार शाम पुलिस पर हमला करने वाले आरोपी फरार हो गए हैं। राजस्थान पुलिस का अनुमान है कि वे यूपी में भाग गए हैं। इसलिए राजस्थान पुलिस उनकी धरपकड़ के लिए यूपी पुलिस का सहयोग ले रही है। यूपी पुलिस और यूपी की एसओजी राजस्थान पुलिस के साथ है। शनिवार सुबह से ही पुलिस आरोपियों की रिश्तेदारियों के गांव दौसेरस, तिलछवा, गोरेगांव, हाथिया, छाता, गोवर्धन आदि में दबिश दे रही है।
आरोपियों की धरपकड़ अभियान में 2 एएसपी रघुवीर सिंह कविया व अनिल कुमार के अलावा 3 सीओ व 7 एसएचओ के अलावा भारी मात्रा में राजस्थान पुलिस का जाब्ता जगह-जगह रेड मार रहा है। हालांकि पुलिस को अभी तक कोई खास सफलता नहीं मिली है। डीग में कैंप कर रहे एसपी श्याम सिंह ने बताया कि आरोपियों के ठिकाने इकलेरा गांव में एफएसएल टीम ने भी साक्ष्य जुटाए हैं। मौके से 13 चले हुए कारतूस, दो जिंदा कारतूस पुलिस टीम ने बरामद किए हैं। इनके अलावा आरोपियों के ठिकाने से 1 ट्रैक्टर व एक बाइक भी जब्त की है। वहीं दो लोगों को हिरासत में लेकर आरोपियों के संबंध में पूछताछ की जा रही है।
कुछ दिन पूर्व ही जमानत पर छूटा था आरोपी
पुलिस के मुताबिक आरोपी हिस्ट्री शीटर है। उसके खिलाफ चोरी और लूट आदि के एक दर्जन से भी अधिक मामले पुलिस में दर्ज हैं। सूत्रों के मुताबिक इकलैरा निवासी सुनहरी ठाकुर के बेटे अमित ठाकुर ने पुलिस पर फायरिंग की थी। सूत्रों के मुताबिक आरोपी अमित ठाकुर कुछ दिन पूर्व ही जेल से जमानत पर रिहा होकर आया है। इधर इकलेरा में हमले में घायल सीआई राजेश पाठक और कांस्टेबल जीतू को जयपुर रैफर किया गया है।


