ज्वेलर्स से लूट करने से पहले ही पकड़े गए आरोपी कांस्टेबल ने योजना बनाते हुए सुना, एक पिस्टल और 315 बोर का देशी कट्टा बरामद
ज्वेलर्स से लूटपाट करने से पहले ही लुटेरे पकड़े गए। दोनों आरोपियों से एक पिस्टल और 315 बोर का देशी कट्टा बरामद किया गया। पकड़ा गया एक आरोपी पहले भी लूट की वारदात करने पर गिरफ्तार हुआ था। दूसरे आरोपी पर हत्या प्रयास का मामला दर्ज है।
धौलपुर के मनियां थाने में तैनात कॉन्स्टेबल भगवान सिंह की शुरू से कस्बे में बड़ी वारदात होने से टल गई। कॉन्स्टेबल भगवान सिंह की सूचना पर पुलिस ने वारदात के इरादे से आए दो युवकों को गिरफ्तार कर उनके पास से 32 बोर की पिस्टल और देशी 315 बोर का कट्टा बरामद कर 20 जिंदा राउंड बरामद किए हैं। गिरफ्तार किए गए दोनों बदमाश में से एक बदमाश पर पूर्व में मनिया कस्बे में ज्वेलर्स से लाखों रुपए की लूट करने का मामला दर्ज है।
मनियां थाना प्रभारी सुमन कुमार ने बताया कि थाने का कांस्टेबल भगवान सिंह मांगरोल रोड पर गश्त के लिए गया था। उसे पहले भी लूट के मामले में पकड़ा गया श्याम उर्फ रामअवतार (23) बाइक पर दूसरे युवक के साथ दिखा। कांस्टेबल छुपके से खोखे के पास जाकर खड़ा हो गया और दोनों को लूट की योजना बनाते हुए सुन लिया। कांस्टेबल ने थाना प्रभारी को सूचना दी। थाना प्रभारी ने एएसआई सियाराम और हेड कांस्टेबल हरवीर की दो टीम बनाकर मौके पर भेजा। पुलिस ने अपाची पर सवार दोनों बदमाशों की घेराबंदी की। पुलिस को देखकर बदमाश भागने लगे मगर पुलिस ने बाइक सहित दबोच लिया। दूसरे बदमाश को पुलिस की टीम ने कोल्ड स्टोर के पास जाकर पकड़ा। बदमाशों के पास से 32 बोर की पिस्टल और 315 बोर के देसी कट्टे के साथ 20 जिंदा कारतूस बरामद हुए एक आरोपी श्याम मनिया कस्बे में ज्वेलर्स के साथ लाखों रुपए की लूट कर चुका है। दूसरा आरोपी अभिनेश पर दिहौली थाने में हत्या के प्रयास का मामला दर्ज है।


