फलोदी-लोहावट क्षेत्र में मूसलाधार बारिश पानी से लबालब हुए खेत

फलोदी-लोहावट क्षेत्र में मूसलाधार बारिश पानी से लबालब हुए खेत

फलोदी में शनिवार सुबह करीब तीन घंटे तक जोरदार बरसात हुई। कुछ ग्रामीण इलाकों में भारी बरसात से फसलों के नुकसान की आशंका है। सुबह करीब 7 बजे बरसात आरंभ हुई और 10 बजे तक होती रही। शहर में अनेक स्थानों पर पानी जमा हो गया। झाबकों का बास में एक पुराने मकान की दीवार गिर गई और मलबा सड़क पर बिखर गया। गनीमत रही कि कोई नुकसान नहीं हुआ।

खारा, उग्रास, कुंडल और कलरां में भी भारी बरसात हुई। ओसियां क्षेत्र मंई आधे से एक घंटे तक बादल बरसे। आसपास के गांवों में रिमझिम का दौर शुरू हुआ जो देखते ही देखते मूसलाधार में तब्दील हो गया। लोहावट क्षेत्र के डाबर, हंसादेश, मूलराज, विश्नावास, जाटाबास, चन्द्रनगर, भजननगर, शैतानसिंहनगर,आमला, कालीमाली, रामदेवनगर, रूपाणा जेताणा, हीरामोतीनगर तेजनगर सहित आसपास के दर्जनों गांवों में मूसलाधार बारिश हुई। छोटे मोटे बरसाती नालों में पानी आया। पीलवा, दयाकौर, कुश्लावा, मंडला सहित अन्य गांवों में भी अच्छी बारिश के समाचार हैं। इससे किसानों के चेहरे खिल उठे।