यूक्रेन से लौटी कनिका:परिजनों से मिली तो आंसू छलक पड़े, बोली- वहां हर भारतीय यही सोच रहा है कि कैसे पहुंचेंगे अपने देश
यूक्रेन से एक और स्टूडेंट शुक्रवार को अपने गांव पहुंच गई। अलवर के टहला के घाटडा गांव निवासी कनिका जब गांव आकर परिजनों से मिली ताे उनकी आंखों से आंसू नहीं रुके। वह बोली कि इस समय यूक्रेन में रह रहे सभी भारतीय घर आना चाहते हैं। वहां के हालत खराब हो गए हैं। उसे भी मुश्किल से आखिरी वक्त पर फ्लाइट मिली। वरना वह भी फंस जाती।
कनिका स्वामी ने बताया कि वह बोगॉमलेट्स नेशनल मेडिकल यूनिवर्सिटी कीव यूक्रेन से एमबीबीएस की थर्ड ईयर की छात्रा है। यूक्रेन से विशेष विमान से गुरुवार को दिल्ली पहुंची। रूस व यूक्रेन के बीच युद्ध शुरू होने से एक दिन पहले लौटी कनिका ने बताया कि वहां दहशत का माहौल था। इस कारण एक-एक मिनट मुश्किल से गुजरा है। 14 फरवरी के बाद दिनों दिन हालत बदलते गए। तभी से हर कोई डरा हुआ था। इधर, स्टूडेंट्स के परिजनों की मुश्किल बढ़ गई।


