अलवर के स्मार्ट युवा:मनोरंजन के साथ कॅरियर में काम आने वाली स्किल्स सीख रहे युवा
कोरोना के कारण कॉलेज बंद होने से शहर के युवाओं को पर्याप्त समय मिला, जिसका इन युवाओं ने बेहतर उपयोग किया है। वे अपने मनोरंजन के साथ-साथ कॅरियर में आगे चलकर काम आने वाली स्किल्स सीखने के साथ अपनी क्रिएटिविटी को भी दूसरों के सामने पेश कर कमाई के तरीके ढूंढ रहे हैं। शहर के युवाओं में सोशल मीडिया पर खुद का चैनल बनाने और ब्लागिंग का ट्रेंड काफी बढ़ चुका है, जिससे वह अपनी बात दूसरों तक पहुंचा रहे हैं। भास्कर ने शहर के कुछ ऐसे ही युवाओं से बात की।
मैंने अपने चैनल की शुरुआत एक साल पहले कवर ऑडियो सोंग से की थी, जो लोगों को काफी पसंद आया। पहले समय अधिक नहीं मिलले के कारण ज्यादा ध्यान नहीं दे पाया था। कोरोना के चलते घर पर खाली समय में अच्छे कंटेंट और आइडिया के साथ वीडियो बनाकर डालता हूं। इससे लोग मुझे जानने लगे हैं। लोग मेरी प्रशंसा करते हैं तो मैं काफी अच्छा महसूस करता हूं।
-नितिन सैनी, खोहरा मोहल्ला
मेरा सपना बड़ा सिंगर बनना है। दो साल से मेहनत कर रहा हूं। शुरुआत में अपने कवर सोंग्स गाकर उनकी वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डालता था। फिर मैंने खुद के गाने लिखे और उन पर काम किया। अब कोरोना के चलते समय ज्यादा मिल रहा है तो वीडियो को बेहतर करने का प्रयास कर रहा हूं। मैंने खुद का वीडियो प्रोडक्शन का काम शुरू किया है और अपना बेस्ट देने की कोशिश कर रहा हूं।
-राहुल कुशवाहा, सूर्य नगर
मैंने फूड ब्लॉगिंग शुरू किया और नई-नई जगह के स्वाद को लोगों को शेयर करती हूं। मेरे बनाए वीडियो को लोग बहुत पसंद कर रहे हैं। मैं वीडियो ब्लॉग में लोगों के साथ खाने की तस्वीरें क्लिक करती हूं और अपने अनुभव को वीडियो बनाकर साझा करती हूं। लोग इन्हें देखकर उस जगह का दौरा करते हैं। इस क्रिएटिविटी पर मुझे अच्छा रिस्पांस भी मिल रहा है।
-पलक अग्रवाल, काशीराम चौराहा
मैंने अपना चैनल अप्रैल में शुरू किया था, इसमें बहन स्वाति और भाई तन्मय ने पूरा साथ दिया। सबसे पहले हमने फूड ब्लॉगिंग की। इसके बाद मैं अपने वीडियो ब्लॉग में आसपास घट रही घटनाओं, अपने अनुभवों, विभिन्न मुद्दों पर अपनी राय रखने के साथ लोगों को नई जानकारियां भी देती हूं। साथ ही अब हम फन और चैलेंज वीडियो बनाकर डालते हैं।
-वैशाली तोमर, आनंद विहार
मैं फोटो एडिटिंग, स्टाइल और ट्रेवलिंग के बारे में वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डालती हूं। साथ ही वीडियो ब्लॉगिंग में अपने अनुभव लोगों के साथ शेयर करती हूं। मुझे हमेशा से ही लाइफ-स्टाइल के बारे में पढ़ना और बात करना अच्छा लगता है। लॉकडाउन में काफी समय मिला और अब भी मेहनत कर रही हूं। साथ ही अपने ब्लॉग के जरिए अपनी बात सब तक पहुंचाने की कोशिश कर रही हूं।
-हिमांशी गुप्ता, कचहरी रोड
मैंने थोड़े समय पहले ही अपना चैनल शुरू किया है। पहले मैं अपने चैनल पर कविताएं और कहानियों के वीडियो बनाकर डालता था, अब पॉडकास्ट वीडियो ज्यादा बनाकर डालता हूं। इससे मैं अपनी बात लोगों तक पहुंचाने के साथ अपनी क्रिएटिविटी बढ़ा रहा हूं। किसी भी इंसान की आवाज में बदलाव की ताकत होती है और मैं अपनी ताकत अपनी आवाज को बनाना चाहता हूं।
-हिमांशु जांगिड़, शांति नगर