कोरोना बेकाबू:एक ही परिवार में 6 पॉजिटिव, यादव मोहल्ला मिनी कंटेनमेंट जोन घोषित, 23 नए रोगी मिले

कोरोना बेकाबू:एक ही परिवार में 6 पॉजिटिव, यादव मोहल्ला मिनी कंटेनमेंट जोन घोषित, 23 नए रोगी मिले

दूसरी लहर में कोरोना डबल स्पीड से बढ़ रहा है। धौलपुर जिले में पिछले 4 दिन से रोजाना 20 से ज्यादा नए रोगी मिल रहे हैं। शुक्रवार को भी 23 नए पॉजिटिव सामने आए। इनमें 6 तो संतर रोड़ पर यादव मोहल्ला में रहने वाले एक ही परिवार के सदस्य हैं। जिला प्रशासन ने इस गली को मिनी कंटेनमेंट जोन घोषित कर दिया है। अब इनके संपर्क में आए लोगों का भी पता लगाया जा रहा है, ताकि उनकी भी कोरोना जांच कराई जा सके।

धौलपुर जिले में अब 126 एक्टिव केस हैं। जबकि अब तक संक्रमित हो चुके लोगों का आंकड़ा बढ़कर 3924 तक पहुुंच गया है। हालांकि इनमें से 3769 लोग ठीक हो चुके हैं। जबकि जिले में पिछले एक साल के दौरान 29 कोरोना रोगियों की मौत हो चुकी है।

इधऱ, मुख्य स्वास्थ्य अधिकारी प्रकाश श्रीवास्तव और उनकी टीम के साथ बाजारों में बिना मास्क घूम रहे और सोशल डिस्टेंसिंग नहीं रखने पर 3 दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई कर उनसे 700 रुपए जुर्माना वसूला गया। पुलिस टीमों ने भी 311 लोगों पर कार्रवाई की है। इनमें 80 लोग ऐसे थे जो बिना मास्क के बाइक चला रहे थे। जबकि 231 ऐसे लोगों के चालान किए गए जिन्होंने सोशल डिस्टेंसिंग नहीं रखी थी।

पॉजिटिव रोगियों के संपर्क में आए लोगों की भी होगी कोरोना जांच

संतर रोड पर यादव मोहल्ला में एक ही परिवार में 6 लोगों के पॉजिटिव आने के बाद उनके संपर्क में आए लोगों की तलाश शुरू कर दी गई है। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की टीम इनकी कांटेक्ट हिस्ट्री तलाशकर उन सभी लोगों की कोरोना जांच कराएगी जो पिछले दिनों में इनके संपर्क में रहे थे। ताकि कोरोना को फैलने से रोका जा सके। इसके साथ ही परिवार के सभी संक्रमित लोगों के अलावा अन्य लोगों को भी कोरोना गाइडलाइन का पूरी तरह पालन करने की हिदायत दी गई है। उन्हें मास्क लगाकर रखने, एक-दूसरे से साेशल डिस्टेंसिंग बनाने और हाथ धोने को कहा गया है।

कलेक्टर ने दिए आदेश...मास्क और 2 गज दूरी बहुत जरूरी

जिला कलेक्टर राकेश कुमार जायसवाल ने बताया कि रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, बैंक, पोस्ट ऑफिस, सब्जी और अनाज मंडी समेत तमाम सार्वजनिक स्थलों पर नो मास्क नो एंट्री को प्रभावी तरीके से लागू कराया जा रहा है। दुकानदारों को भी आदेश दिए गए हैं कि वे बिना मास्क के आने वालों को सामान नहीं दें। दुकान के बाहर सोशल डिस्टेसिंग बनाकर रखें। नगर परिषद, पुलिस औऱ जिला प्रशासन की टीमें बाजारों में जाकर इसकी निगरानी कर रही हैं और उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई की जा रही है।

सैंपलिंग और वैक्सीनेशन में तेजी ला रहे हैं : जायसवाल

जायसवाल ने बताया कि कोरोना की रोकथाम के लिए सैंपलिंग और वैक्सीनेशन में तेजी लाई जा रही है। मार्च 2021 से अब तक 10450 लोगों के सैंपल लिए जा चुके हैं। अब तक धौलपुर जिले में 1 लाख 36 हजार 539 लोगों की कोरोना जांच की जा चुकी है। इनमें से 3924 लोग पॉजिटिव पाए गए हैं। इस संक्रमण का फैलाव रोका जा सके। इसलिए 45 वर्ष से अधिक आयु वाले सभी व्यक्तियों का व्यापक स्तर पर टीकाकरण किया जा रहा है।