ईज ऑफ लिविंग में राजस्थान के 5 शहर:प्रदेश में रहने के लिहाज से जोधपुर सबसे अच्छा, जयपुर-कोटा को पीछे छोड़ा; नगर निगम कैटेगरी में अजमेर-उदयपुर बेहतर

ईज ऑफ लिविंग में राजस्थान के 5 शहर:प्रदेश में रहने के लिहाज से जोधपुर सबसे अच्छा, जयपुर-कोटा को पीछे छोड़ा; नगर निगम कैटेगरी में अजमेर-उदयपुर बेहतर

देश में रहने के लिहाज से अच्छे शहरों में राजस्थान के जोधपुर को 21वां और जयपुर को 23वां स्थान है। केंद्रीय शहरी मंत्रालय की ओर से गुरुवार को ‘ईज ऑफ लिविंग’ इंडेक्स जारी किया। इसमें राज्य के सर्वे वाले 5 शहर टॉप-50 में शामिल हुए हैं। देश के 111 शहरों में यह सर्वे किया गया था।

2 कैटेगरी में हुआ था सर्वे
देश में दो कैटेगरी में से 10 लाख से अधिक आबादी के 49 शहरों में जयपुर, जोधपुर और कोटा को शामिल किया गया था। जबकि 10 लाख से कम आबादी के 62 शहरों वाली कैटेगरी में 2 शहर- उदयपुर और अजमेर शामिल थे। इनमें राजस्थान में रहने के लिहाज से जोधपुर सबसे अच्छा। दूसरे नंबर पर जयपुर और तीसरे नंबर पर कोटा माना गया है।

देश में बेंगलुरु टॉप पर
‘ईज ऑफ लिविंग’ इंडेक्स में 10 लाख से अधिक की आबादी की कैटेगरी में बेंगलुरु पहले नंबर पर और पुणे दूसरे व अहमदाबाद तीसरे नंबर पर है। वहीं इस सूची में बरेली, धनबाद और श्रीनगर आखिरी पायदान पर हैं। इसमें 10 लाख से कम जनसंख्या वाले शहरों की श्रेणी में शिमला पहले और भुवनेश्वर दूसरे स्थान पर है, जबकि बिहार का मुजफ्फरपुर आखिरी नंबर पर आता है।

0.10 अंक से पिछड़ा जयपुर
इस सर्वे में जोधपुर (21वीं रैंक) को 55.80, जयपुर (23वीं रैंक) को 55.70 व कोटा (44वीं रैंक) को 49.52% अंक मिले। जबकि अजमेर (12वीं रैंक) को 54.89 अंक और उदयपुर (48वीं रैंक) को 50.25 अंक मिले। जबकि 111 शहरों का औसत 53.51 रहा। इस सर्वे में 32 लाख लोगों से फीडबैक लिया गया था।

सर्वे में ये पैमाना अपनाया गया
मंत्रालय की ओर से करवाए गए सर्वे में शहर रहने के लिए कितना सुगम है। वहां शिक्षा की गुणवत्ता कैसी है। स्वास्थ्य सेवाएं, आवासीय सुविधाएं, साफ-सफाई की स्थिति, पीने के पानी की व्यवस्था, शहर में यात्रा करना कितना सुरक्षित है। कानूनी नजरिए से शहर में लोग कितने सुरक्षित व महफूज हैं। महिलाओं के लिए सार्वजनिक जगह कितनी सुरक्षित है। बिजली, बैंकिंग सहित अन्य सुविधाओं की क्या स्थिति है। इन सभी विषयों पर अध्ययन और लोगों से फीडबैक लेकर सर्वे किया है।

नगर निगम क्षेत्र में उदयपुर सबसे अच्छा
नगर पालिका, नगर निगम एरिया में हुए सर्वे के लिहाज से राजस्थान में उदयपुर सबसे अच्छा शहर माना गया है। इसे 8वीं रैंक मिली है। जयपुर को 19वीं, अजमेर को 41वीं, जोधपुर को 49वीं और कोटा को 50वीं रैंक मिली है।