MSC प्रीवियस के रिजल्ट में गड़बड़ी का आरोप कॉलेज स्टूडेंट ने सूरजमल बृज यूनिवर्सिटी के खिलाफ किया प्रदर्शन, दोबारा रिजल्ट जारी करने की मांग
धौलपुर के राजकीय पीजी कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने लामबंद होकर सूरजमल बृज यूनिवर्सिटी के खिलाफ प्रदर्शन किया। एमएससी प्रीवियस परीक्षा के रिजल्ट में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए स्टूडेंट ने जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के बाद छात्रों ने कुलपति के नाम पत्र लिखकर प्रिंसिपल को सौंपा। प्रिंसिपल को दिए गए पत्र में एमएससी प्रीवियस परीक्षा का रिजल्ट दोबारा जारी कराने की मांग की।
स्टूडेंट ने बताया कि हाल ही में सूरजमल ब्रिज यूनिवर्सिटी ने एमएससी प्रीवियस परीक्षा का परिणाम घोषित किया गया है, लेकिन इसमें 40 फीसदी से ज्यादा स्टूडेंट का रिजल्ट फेल, सप्लीमेंट्री और ग्रेस है। उन्होंने बताया कि स्टूडेंट की कॉपियां जांचने में लापरवाही बरती गई है, जिसके कारण रिजल्ट में पूरी तरह से गड़बड़ी हुई है। पीजी कॉलेज के प्रिंसिपल को कुलपति के नाम ज्ञापन देकर पारदर्शिता के साथ कॉपियां जांचकर रिजल्ट घोषित कराने की मांग की है। इस दौरान स्टूडेंट ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर यूनिवर्सिटी ने गंभीरता से छात्रों की समस्या पर ध्यान नहीं दिया तो हम आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।


