मारपीट के डर से पूरी रात भाजपा कार्यालय में छुपे रहे चार बच्चे व मां
अपने ही परिवार के लाेगाें द्वारा दी गई मारपीट की धमकी के कारण चार बच्चे और उनकी मां डर के कारण पूरी रात भाजपा कार्यालय में छुपे रहे। पीड़ित परिवार का आराेप है कि बचाव के लिए उन्हाेंने उद्योग नगर थाना पुलिस काे कई बार फाेन किए, लेकिन देर रात काे पुलिस उनके पास पहुंची और एक्सीडेंट हाे जाने का बहाना बनाकर तुरंत लाैट गई। उसके बाद दुबारा नहीं लाैटी। मजबूरी में उन लाेगाें काे सुबह तक कार्यालय में ही छुपा रहना पड़ा।
गाेकुलपुरा निवासी सरिता देवी ने बताया कि साेमवार शाम काे उसी के परिवार के लाेग घर में घुस आए और मारपीट की धमकी देने लगे। डर के कारण वह अपने चाराें बच्चाें काे साथ लेकर पास में निर्माणाधीन बीजेपी कार्यालय में जाकर छुप गई। इसके बाद उसने अपनी बेटी प्रियंका के जरिए उद्योग नगर थाने में दाे-तीन बार फाेन करवाए। जवाब मिला कि माैके पर पुलिस आ रही है। काफी इंतजार के बाद भी पुलिस नहीं आई ताे फिर फाेन करने पर थाने में बैठे पुलिसकर्मी ने जवाब दिया कि किसी बड़े आदमी का फाेन कराओ, तब पुलिस आएगी।
परेशान हाेकर उन्हाेंने सीओ सिटी रामचंद्र मूंड काे फाेन कर घटना के बारे में बताया ताे थाने से एसआई कंचन का फाेन आया और वह माैके पर पहुंची। उस दाैरान मारपीट करने वाले छुप गए और पुलिस एक्सीडेंट का बहाना बनाकर बिना कार्रवाई किए ही लाैट गई। अगले दिन सुबह उसके पति सुरेश ने डराने धमकाने वालाें के खिलाफ काेर्ट में इस्तगासा पेश किया। उसमें उसके परिवार काे जबरन घर से बाहर निकाल देने की बात शामिल है। इधर, मामले पर एसआई कंचन से जानकारी लेनी चाही ताे उन्होंने फाेन रिसीव नहीं किया।
सीओ सिटी बोले-रात काे भिजवाई थी पुलिस
सीओ सिटी रामचंद्र मूंड का कहना है कि पीड़ित पक्ष का फाेन आने पर रात काे उन्हाेंने माैके पर पुलिस काे भिजवाया था। जानकारी में आया है कि पीड़ित और उसके परिवार वालाें के बीच पहले से मुकदमेबाजी चल रही है। फिर भी जांच कर पुलिस काे कार्रवाई के लिए कहा गया है।
आराेप निराधार, मां के साथ की थी मारपीट
मामले में दूसरे पक्ष के दुल्लीचंद का कहना है कि उनके परिवार पर मारपीट और डराने धमकाने के लगाए गए आराेप झूठे हैं। शिकायत करने वाली महिला ने पहले उसकी मां के साथ मारपीट की थी। इसके बाद बाकी परिवार के लाेग समझाइश करने पहुंचे ताे संबंधित महिला व उसके बच्चे जान बूझकर बीजेपी कार्यालय में जाकर छुप गए थे। मामले में एएसपी से मिलकर शिकायत की गई है।


