बहन से मिलने जा रहे युवक को वाहन ने कुचला:मौके पर ही हुई मौत, आरोपी ड्राइवर हुआ फरार
भरतपुर के कामां थाना इलाके में एक युवक को किसी अज्ञात वाहन ने कुचल दिया। युवक अपनी बहन से मिलने के लिए जा रहा था। सड़क किनारे शव पड़े होने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कामां अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया।
पुलिस ने युवक के परिजनों को घटना की सूचना दी। युवक के परिजनों के आने के बाद ही शव का पोस्टमॉर्टम करवाया जाएगा।
घटना सोमवार रात 9.30 बजे की है। कामां थाने के ASI भगवत सिंह ने बताया कि कामां कस्बे के कोसी चौराहे पर नहर की पुलिया है। वहां एक अज्ञात वाहन युवक को टक्कर मारने के बाद फरार हो गया। सूचना मिली कि सड़क किनारे एक अज्ञात शव पड़ा हुआ है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची।
आसपास के लोगों से पूछताछ की तो मृतक के बारे में किसी ने कुछ नहीं बताया। जिसके बाद शव को मॉर्च्युरी लेकर जाया गया। जहां शव की तलाशी लेने पर उसकी जेब से एक पर्ची मिली।
जिससे उसकी पहचान करौली के मंडरायल निवासी आकाश के रूप में हुई। जिसके बाद उसके परिजनों से संपर्क किया गया तो उन्होंने बताया कि, वह कोसी गया था। जहां अपनी भाभी से मिलने के बाद वह कामां अपनी बहन से मिलने जा रहा था। फिलहाल पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुट गई है।
Satveer Choudhary 

