लड़ते हुए खेत में घुस आए थे सांड, डेढ़ घंटे तक खेत में ही पड़ा रहा बुजुर्ग
भरतपुर के उद्योग नगर थाना इलाके में सोमवार को खेत की रखवाली करते समय एक बुजुर्ग पर एक आवारा सांड ने हमला कर दिया। घटना में बुजुर्ग की मौत हो गई। आवारा सांड के हमले के बाद बुजुर्ग काफी देर तक खेतों में ही पड़ा रहा। जब ग्रामीण खेतों की तरफ गए तो बुजुर्ग को घायल खेतों में पड़ा देखा जिसके बाद उसे आरबीएम अस्पताल लेकर पहुंचे जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना उद्योग नगर थाना इलाके के गांव जघीना की है। गांव का रहने वाला एक बुजुर्ग महेंद्र सिंह अपने गेहूं के खेतों की रखवाली कर रहा था। महेंद्र पैरों से दिव्यांग था। इस दौरान दो सांड लड़ते हुए महेंद्र के खेत में पहुंच गए। जिन्हें महेंद्र भगाने लगा, लेकिन उसमें एक आवारा सांड ने महेंद्र पर हमला कर दिया।
सांड के हमले में महेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया। करीब डेढ़ घंटे तक महेंद्र घायल हालत में खेतों में ही पड़ा रहा। जब कुछ ग्रामीण अपने खेतों में काम करने के लिए पहुंचे तो उन्होंने महेंद्र को खेतों में पड़ा देखा जिसके बाद उसे आरबीएम अस्पताल लाया गया जहां उसे मृत घोषित कर दिया।


