पश्चिमी गर्म हवाएं अब पूर्वी राजस्थान को भी झुलसाएंगी इस सीजन में पहली बार...दिन का पारा 40 पार, अगले तीन दिन तक चलेगी लू
लोकल साइक्लोनिक सर्कुलेशन सिस्टम खत्म होने के बाद पश्चिमी गर्म हवाएं अब पूर्वी राजस्थान को भी झुलसाएंगी। इस सीजन में पहली बार दिन का तापमान 40.7 डिग्री तक पहुंच गया। पिछले साल 31 मार्च को पारा 40 डिग्री तक ही पहुंचा था। सोमवार को सुबह से ही सूरज के तेवर तीखे रहेे। सुबह 11 बजे तक पारा 36 डिग्री को क्रॉस कर गया था। सुबह हवा में नमी की मात्रा 35 फीसदी रही जबकि शाम को 53 प्रतिशत तक पहुंच गई। न्यूनतम तापमान 0.2 डिग्री गिरावट के साथ 16.5 डिग्री दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार अब अगले 3 दिन तक लू चलने की आशंका है। जयपुर निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि अगले कुछ दिन भरतपुर समेत पूरे प्रदेश में गर्मी तेज रहेगी। 20 जिलों में अगले 3 दिन हीट वेब (गर्म हवाएं) चलेंगी। इसका असर पूरे प्रदेश में आएगा। तापमान में 1 से 2 डिग्री की बढ़ोत्तरी हा़े सकती है। हीट वेब का सबसे ज्यादा असर जोधपुर, बीकानेर और अजमेर संभाग के जिलों में रहेगा।
खेती पर असर....गेहूं का दाना चटक सकता है
समय से पहले तापमान में बढ़ोतरी होने के कारण किसानों की चिंता बढ़ गई है। जिन किसानों ने गेहूं की बोवनी लेट की है। वहां पर गेहूं का दाना चटकने की स्थिति बन रही है। इस बार करीब 1.20 लाख हेक्टेयर में गेंहूं की बुबाई हुई है।

आगे क्या...अभी दो डिग्री तक और बढ़ेगा तापमान
पश्चिमी राजस्थान समेत 15 से ज्यादा शहरों में रविवार को दिन का तापमान 40 डिग्री से ज्यादा रहा। सबसे अधिक बांसवाड़ा में 42.6 डिग्री सेल्सियस रहा। अगले दो दिन में भरतपुर, कराैली, सवाई माधोपुर, जालोर, डूंगरपुर, टोंक, में तापमान 41 डिग्री रह सकता है।


