सभी निकायों में 20 से शुरू हाेगी इंदिरा रसाेई योजना
कलेक्टर आनंदी ने नगरीय निकायों के प्रभारी अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जिले की सभी नगरीय निकायों में 20 अगस्त से शुरू होने वाली इंदिरा रसोई के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें। इंदिरा रसोई योजना की समीक्षा काे लेकर बुधवार काे कलेक्ट्रेट में अधिकारियों की बैठक के दौरान कलेक्टर ने कहा कि राज्य सरकार के संकल्प ‘कोई भूखा न सोए‘ के तहत न्यूनतम लागत पर जरूरतमंद आमजन को सेवाभाव के आधार पर इंदिरा रसोई योजना शुरू की जा रही है।
इसमें नगरीय निकाय क्षेत्रों में दोपहर एवं रात काे प्रति थाली 8 रुपए की दर से भोजन उपलब्ध कराया जाएगा। तथा रसोई का संचालन करने वाले संस्थान को राज्य सरकार द्वारा प्रति थाली 12 रुपए अनुदान दिया जाएगा। इस पर लगने वाला जीएसटी भी सरकार द्वारा वहन किया जाएगा।


