अनिश्चितकाल के लिए धारा 144 लागू छतों पर ईंट-पत्थर, बोतलें मिलीं तो कार्रवाई, शहर में ड्रोन सर्वे होगा

अनिश्चितकाल के लिए धारा 144 लागू छतों पर ईंट-पत्थर, बोतलें मिलीं तो कार्रवाई, शहर में ड्रोन सर्वे होगा

शहर के बुध की हाट एरिया में सोमवार देर रात दो गुटों में उपद्रव के बाद रात को पुलिस और प्रशासन पूरे क्षेत्र की सर्चिंग करके घरो और छतों से बोतल-पत्थर हटवा दिए थे। अब पूरे शहर में ड्रोन सर्वे कराया जाएगा। शहर विधायक एवं तकनीकी शिक्षा राज्यमंत्री डॉ. सुभाष गर्ग ने मंगलवार को शांति समिति की मीटिंग करके गलियों में भी यूआईटी की मदद से सीसीटीवी कैमरे लगवाने और बुध की हाट एरिया में अस्थाई पुलिस चौकी खुलवाने का भरोसा दिलाया है। उन्होंने यह भी कहा कि किसी निर्दोष को फंसने नहीं देंगे लेकिन शरारती तत्वों को बख्शा नहीं जाएगा।

जिन गरीब परिवारों का आर्थिक नुकसान हुआ है, उनके नुकसान की भरपाई कराने के प्रयास किए जाएंगे। इधर, मंगलवार को भी पथराव वाले इलाकों में दुकानें बंद रखी गई। हालांकि इस दिन बाजारों में साप्ताहिक अवकाश रहता है। पुलिस ने दोनों पक्षों के 31 लोगों पर एफआईआर दर्ज की है। 14 उपद्रवी गिरफ्तार करके जेल भेज दिए गए। मंगलवार शाम बिजली घर चौराहे से मथुरा गेट, मोरी चार बाग, चौबुर्जा, गंगा मंदिर होते हुए बुध की हाट क्षेत्र में पुलिस ने फ्लैग मार्च निकाला।

हिरासत में लिए गए निर्दोष लोग जांच के बाद छोड़े जाएंगे : आईजी
कलेक्ट्रेट में हुई शांति समिति की बैठक में डॉ. गर्ग ने सभी से अपील की कि प्रेम और भाईचारा बनाये रखें। उन्होंने कहा कि बुध की हाट क्षेत्र में खुल रही पुलिस चौकी को बाद में स्थाई कराने का प्रयास किया जाएगा। असामाजिक तत्वों और आपराधिक घटनाओं पर नजर रखने के लिए ड्रोन से सर्वे कराया जाएगा। गर्ग ने भरोसा दिलाया कि इस घटना में निर्दोष लोगों को नहीं फंसने देंगे। लेकिन, दोषियों को बख्शा भी नहीं जाएगा। उन्होंने अपील की कि सड़कों पर डीजे नहीं बजाएं। इससे ध्वनि प्रदूषण के साथ-साथ शांति-सद्भाव को नुकसान पहुंचता है।

संभागीय आयुक्त सांवर मल वर्मा ने अधिकारियों की सराहना की कि उन्होंने हालात को तत्काल काबू कर लिया। आईजी प्रसन्न कुमार खमेसरा ने कहा कि जिन लोगों को हिरासत में लिया गया है जांच के बाद उनमें से निर्दोष लोगों को छोड़ दिया जाएगा। शांति समिति की मीटिंग में सभी समुदायों के धर्मगुरू, प्रतिष्ठित व्यक्ति, जन प्रतिनिधियों समेत पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।

रास्ते, सड़क और सार्वजनिक स्थलों पर डीजे के लिए अब अनुमति जरूरी
शहर में सोमवार को हुए उपद्रव के बाद अब अनिश्चितकाल के लिए धारा 144 लागू कर दी गई है। इसके तहत अब रैली, जुलूस, शोभायात्रा, पद यात्रा आदि में रास्ते, सड़क और सार्वजनिक स्थलों पर डीजे बजाने के लिए जिला प्रशासन से अनुमति लेनी होगी। जिला कलेक्टर आलोक रंजन की ओर से जारी आदेश के मुताबिक सभी लोगों को सलाह दी गई है कि वे दुकान, वाहन, घर, परिसर अथवा छतों पर ईंट-पत्थर और कांच की बोतलें ना रखें।

उपद्रव की जांच के लिए स्पेशल कमेटी
सोमवार रात हुए उपद्रव की जांच के लिए एसपी श्याम सिंह द्वारा स्पेशल कमेटी गठित की गई है। यह कमेटी पूरे मामले की जांच करके जल्दी ही अपनी रिपोर्ट देगी।

सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी
डॉ. गर्ग ने कहा कि कुछ लोग सोशल मीडिया से सामाजिक सौहार्द बिगाड़ना चाहते हैं। ऐसे लोगों से सावधान रहने की जरूरत है। उन्होंने ऐसा करने वालों पर कार्रवाई के निर्देश दिए।