बिना नंबरी स्कॉर्पियो छोड़ भागे तस्कर, 80 किलो डोडा चूरा जब्त
जोधपुर: लूणी क्षेत्र में कमिश्नरेट की स्पेशल पुलिस टीम ने तस्करों की एक गाड़ी जब्त कर 80 किलो से ज्यादा डोडा चूरा जब्त किया। मुखबिर की सूचना पर रविवार को लूणी थाना क्षेत्र में नाकाबंदी करवाई गई। तस्करों ने फींच गांव में पुलिस को देखकर गाड़ी चढ़ाने का प्रयास किया, तब पुलिस ने बचाव के लिए चार राउंड फायर किए।
पुलिस ने तस्करों की तीन गाड़ियों का करीब सात किलोमीटर तक पीछा किया। एक बिना नंबरी स्कॉर्पियो गाड़ी को छोड़कर बाकी दो गाड़ी में सवार तस्कर भाग गए। पुलिस ने मामले में एनडीपीएस के साथ ही तस्करों द्वारा गाड़ी चढ़ाने का प्रयास व फायरिंग को लेकर केस दर्ज किया।
डीसीपी आलोक श्रीवास्तव ने बताया कि एडीसीपी पश्चिम उमेश कुमार ओझा के सुपरविजन में एसीपी बोरानाडा मांगीलाल राठौड़ की टीम का गठन किया गया। रविवार को थानाधिकारी सीताराम व स्पेशल टीम के उप निरीक्षक सरजिल मलिक फींच धवा गांव चौराहे पर नाकाबंदी कर रहे थे।
वहां स्कॉर्पियो सहित दो अन्य गाड़ियाें को रोकने का इशारा किया, लेकिन वे गाड़ियां दौड़ाने लगे। तब करीब सात किलोमीटर तक तस्करों का पीछा किया। धवा रोड पर दो गाड़ियां भागने में कामयाब हो गई, वहीं स्कॉर्पियो चालक गाड़ी छोड़ भाग गया। स्कॉर्पियो में चार कट्टों में 80 किलो 820 ग्राम अवैध डोडा चूरा मिला, जिसे जब्त कर लिया। बिना नंबरी स्कॉर्पियो भी जब्त कर ली।


