4 सितंबर तक हल्ला बोल, बिजली कंपनी के खिलाफ प्रदर्शन कल
भरतपुर: भाजपा करीब साल भर बाद एक्शन मोड पर है। पार्टी 4 सितंबर तक कांग्रेस सरकार के खिलाफ हल्ला बोल कार्यक्रम चलाएगी। 31 अगस्त को बिजली बिलों में बीईएसएल और डिस्कॉम के खिलाफ ज्ञापन, प्रदर्शन और पुतला दहन होगा। जनहित के मुद्दों पर तथ्य जुटाने के लिए तीन कमेटियां बनाई हैं। इसके अलावा जल्द ही नगर निगम नेता प्रतिपक्ष और उपनेता की घोषणा की जाएगी।
इसके तहत शनिवार को प्रदेश उपाध्यक्ष एवं संभाग प्रभारी मुकेश दाधीच शनिवार को पहली बार भरतपुर आए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस राज में अन्याय का बोलबाला है। बिजली कंपनियों ने लूट मचा रखी है। कानून व्यवस्था बदहाल है। सरकार कोरोना काल के 4 महीने के बिजली बिल माफ करे। फ्यूल चार्ज और स्थाई शुल्क वापस ले। जिलाध्यक्ष डॉ. शैलेश सिंह ने बताया कि जिले की समस्याओं के लिए आंदोलन किया जाएगा।
इसके लिए तीन समितियों का गठन किया है। शहर में निजी बिजली कंपनी बीईसीएल द्वारा ज्यादा राशि वसूली जा रही है। नगर निगम व नगर सुधार न्यास में विकास कार्य रुके हुए हैं तथा भ्रष्टाचार हो रहा है। अपराध बढ़ रहे हैं। समिति 15 दिनों में इन मुद्दों पर रिपोर्ट पेश करेगी। बाद में संभाग प्रभारी दाधीच ने कार्यकर्ताओं से संवाद किया। संभाग के धौलपुर प्रभारी पूर्व मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म, करौली के भानू प्रताप राजावत, सवाई माधोपुर जिला प्रभारी नारायण मीणा आदि शामिल थे।
पुतला दहन कार्यक्रम कल
भाजपा द्वारा 31 अगस्त को सभी मण्डलों के बिजली विभाग में ज्ञापन दिया जाएगा। सरकार का पुतला दहन किया जाएगा। 2 सितम्बर को बिगड़ी कानून व्यवस्था को लेकर उपखण्ड कार्यालयों पर धरना और 4 सितम्बर को जिला कलेक्टरों को ज्ञापन दिया जाएगा।


