शादीशुदा महिला के साथ रह रहा था, मौत पर महिला बोली- जहर का इंजेक्शन लगाया
भरतपुर शहर के कोतवाली थाना इलाके में एक युवक की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। युवक एक महिला के साथ करीब 1 साल से लिवइन रिलेशन में रह रहा था। घटना के बाद युवक के पिता ने लिवइन रिलेशन में रह रही महिला के खिलाफ बेटे की हत्या का मामला दर्ज करवाया है। पुलिस ने युवक के शव का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया है।
मृतक यदुवेंद्र कुशवाह उम्र 27 साल के पिता रमेश चंद ने मामला दर्ज करवाते हुए बताया कि उनका बेटा शहर के आनंद नगर में किराए के मकान में रहता था। वह एक प्राइवेट हॉस्पिटल में नौकरी करता था। यदुवेंद्र का उसके साथ काम करने वाली एक शादीशुदा महिला से प्रेम प्रसंग चल रहा था। इसलिए वह दोनों साथ लिवइन रिलेशन में रहने लगे। यदुवेंद्र के पिता का आरोप है की महिला ने मेरे बेटे को अपने झांसे में फंसा रखा था। वह उसे परिवार से मिलने नहीं देती थी।
सोमवार रात को महिला ने यदुवेंद्र के जीजा को फोन किया था। महिला ने यदुवेंद्र के जीजा को बताया था कि यदुवेंद्र ने कोई जहरीला इंजेक्शन लगा लिया है। जिससे उसकी हालत बिगड़ गई है। मैं और मेरी मां उसे इलाज के लिए अस्पताल लेकर जा रही हैं। महिला यदुवेंद्र को एक निजी अस्पताल लेकर गई, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। जिसके बाद महिला ने यदुवेंद्र के शव को जिला आरबीएम अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया। महिला ने यदुवेंद्र के जीजा को फोन कर उसकी मौत की खबर दी। अब यदुवेंद्र के पिता का कहना है कि महिला ने यदुवेंद्र को जहर देकर मारा है।


